वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

मानपुरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 5 चोरीशुदा बाइक बरामद


औद्योगिक क्षेत्र मानपुरा में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस की मानपुरा थाना पुलिस ने एक बड़े चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार गांव कपनेरी, जिला रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी अंकित पुत्र महेन्द्र, जो वर्तमान में मानपुरा में किराये पर रह रहा है, ने पुलिस थाना मानपुरा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर HP-12M-4357 मानकपुर स्थित कमरे के बाहर से चोरी हो गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एस आई. अश्विनी कुमार, कांस्टेबल बहादुर सिंह, बलविंदर सिंह, गुरमेल सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने लगातार छानबीन और तकनीकी जांच के बाद गांव चनाल माजरा में नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। शिकायतकर्ता ने उक्त मोटरसाइकिल की पहचान अपनी चोरी हुई बाइक के रूप में की।


जांच के दौरान आरोपी की पहचान लोकेन्द्र सिंह सैणी उर्फ अनू निवासी मानपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल 5 चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
जांच में चोरीशुदा मोटरसाइकिलों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान हुई है, जिनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने मामले में आगामी जांच जारी होने की बात कही है।
डीएसपी योगराज ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। उन्होंने कहा कि चोरी और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा आम जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

और पढ़ें
और पढ़ें