उपमंडलाधिकारी कार्यालय नालागढ़ के सभागार में हिमाचल प्रदेश जनगणना निदेशालय की निदेशक दीप शिखा शर्मा की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत 15 जुलाई 2026 तक संचालित हाउसिंग गणना (हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सेंसस) की प्रगति के संदर्भ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान निदेशक दीप शिखा शर्मा ने हाउसिंग गणना की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपमंडल नालागढ़ में अब तक किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास की आधारभूत प्रक्रिया है, जिसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के वैज्ञानिक नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि हाउसिंग गणना का शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता, शुद्धता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आंकड़ों का सावधानीपूर्वक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए ताकि जनगणना के आंकड़े पूर्णतः विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित हों। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उपमंडल नालागढ़ आगामी जनगणना संबंधी सभी कार्यों को भी इसी प्रतिबद्धता और दक्षता के साथ सफलतापूर्वक पूरा करेगा।
बैठक में उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया ने नालागढ़ उपमंडल के अंतर्गत हाउसिंग गणना के लिए किए जा रहे कार्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि हाउसिंग गणना का कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनियोजित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने गणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मध्य बेहतर समन्वय तथा क्षेत्र स्तर पर अपनाई जा रही कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी।
नरेंद्र अहलूवालिया ने निदेशक को आश्वस्त किया कि जनगणना से संबंधित आगामी सभी चरणों का कार्य भी पूरी गंभीरता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, तहसीलदार पंजेहरा, नगर परिषद नालागढ़ के कार्यकारी अधिकारी तथा हाउसिंग गणना से संबंधित विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








