दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी क्षेत्र में महिलाओं को समान अवसर प्रदान कर महिला सशक्तिकरण को वास्तविक अर्थों में पूरा करने की दिशा में अग्रसर है। राम कुमार चौधरी आज बद्दी में महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आई.आर.जी., ग्लेनमार्क फाउंडेशन और हिमाचल प्रदेश एड्स नियंत्रण समिति के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति समाज की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है जब महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त और आत्मनिर्भर बनें। प्रदेश सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, विज्ञान, खेल सहित सभी क्षेत्रों में देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वरोज़गार और आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन देकर उन्हें आर्थिक रूप से मज़बूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में सहभागी बन रही हैं।
विधायक ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने पर भी विशेष बल दे रही है। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धातृ माताओं और बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही योजनाओं का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक स्थिति को मज़बूत बनाएं तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अग्रणी भूमिका निभाएं।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी नालागढ़ एन.आर. नेगी ने महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर विभाग द्वारा पोषण से संबंधित पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं तथा महिलाओं को मोटे अनाज के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी स्वास्तिक गौतम ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महिलाओं और उपस्थित जनसमूह को 101 नीम के पौधे भी वितरित किए।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गगनदीप राजहंस, आई.आर.जी. संस्था से बलजिंदर, आरती संस्था नालागढ़ की परियोजना प्रबंधक किरणा देवी, सर्व सहायता संगठन के अध्यक्ष कपिल शर्मा, समाज सेवी शांति गौतम, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया।
.







