रामशहर शिक्षा खंड के राजकीय उच्च विद्यालय भियूँखरी के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक और यादगार बन गया। लंबे समय से भवन की समस्या से जूझ रहे इस स्कूल को अब नया भवन मिल गया है। करीब 15 लाख रुपये की लागत से बने दो नए कमरों का शिलान्यास हरलीन कौर (फाउंडर, एक्ट ह्यूमन फाउंडेशन) और गोपाल चौहान (उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग सोलन) ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर स्कूल परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों ने बैंड-बाजे के साथ मुख्य अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण बन गया।
अपने संबोधन में हरलीन कौर ने कहा कि एक्ट ह्यूमन फाउंडेशन भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करता रहेगा और स्कूलों के बेहतर निर्माण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सहयोग जारी रखेगा।
वहीं उपनिदेशक गोपाल चौहान ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की समस्या को समझते हुए मात्र 6 माह के भीतर भवन तैयार कर समर्पित करना एक सराहनीय कार्य है।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 में इस स्कूल भवन को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। इसके बाद से बच्चों को पढ़ाई के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिल सकेगी।








