Report By:Surinder Sony
हिमाचल- पंजाब को जोड़ने वाले दभोटा पुल का निर्माण कार्य मार्च माह में पूर्ण हो जाएगा। पुल के तीन पिलर बनकर तैयार हो गए हैं। इसके बाद स्लैब डालने का कार्य आरंभ होगा। मंगलवार को नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा ने निर्माणधीन दभोटा पुल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द पुल का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। विभाग के अनुसार मार्च के अंत तक इसका कार्य पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
बता दें कि वर्ष 2023 के जुलाई माह में हुई भारी बरसात में इस पुल का एक हिस्सा टूट गया था तब से लेकर आज तक इस पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। इस पुल का आधा हिस्सा पंजाब व आधा हिमाचल के अधीन है जिसके लिए दोनों राज्यों में डेढ़-डेढ़ करोड़ जारी कर दी लेकिन इसे पंजाब सरकार की ओर से बनाया जाना है। इसका निर्माण कार्य शुरू तो हुआ लेकिन बीच-बीच में विभिन्न रुकावटों के चलते समय पर नहीं बन पाया। 8 जुलाई वर्ष 2023 को दभोटा पुल के चार पिलर क्षतिग्रस्त होने से इस पुल पर से यातायात को बंद कर दिया है। यह पुल हिमाचल व पंजाब सरकार ने संयुक्त रूप से वर्ष 1999 में बनाया गया था। मुरम्मत का काम भी दोनों राज्यों की सरकारों ने अपना अपना योगदान देने के बाद करवाया है।
विधायक हरदीप बावा ने बताया कि इस पुल की मरम्मत पर 2 करोड़ 91 लाख 94 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं और पुल की कुल लंबाई 146 मीटर है, लेकिन 41.7 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। 17.5 मीटर हिस्सा पंजाब व 24.1 मीटर हिस्सा हिमाचल का है। इस पुल के निर्माण के लिए पंजाब और हिमाचल सरकार की ओर से 50-50 फीसदी पैसा जमा कर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पुल औद्योगिक क्षेत्र बी.बी.एन. की मुख्य रीढ़ है। मार्च माह तक पुल का कार्य पूरा करवा दिया जाएगा।
उधर, रोपढ़ के लो.नि.वि. के सहायक अभियंता संजीव शर्मा ने बताया कि पुल के पिलर का कार्य पूरा हो गया है। विभाग का प्रयास है कि पुल का कार्य मार्च माह तक पूरा कर लिया जाए।








