औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसमें परिजनों ने चिट्टे (नशीले पदार्थ) की ओवरडोज देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव ठेडा निवासी जगदीश चंद ने पुलिस थाना बरोटीवाला में शिकायत दर्ज करवाई कि उनका बेटा राम लाल 18 मार्च 2026 को सुबह काम पर गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। परिवार द्वारा संपर्क करने पर उसने बताया कि वह किसी गाड़ी के साथ पंचकूला गया है और वापस आ जाएगा, लेकिन इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।
20 मार्च को पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि राम लाल का शव भटौलीकला रोड पर नैना अपार्टमेंट के पास सड़क किनारे मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नालागढ़ भेजा और बाद में अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 18 मार्च की शाम राम लाल ट्रक यूनियन बरोटीवाला गया था, जहां उसकी मुलाकात उसके दोस्त विनोद कुमार और बहादुर सिंह से हुई। तीनों ने मिलकर नशीले पदार्थ का सेवन किया, इसी दौरान आरोपियों ने राम लाल को चिट्टे की ओवरडोज दे दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि मौत के बाद दोनों आरोपियों ने शव को ट्रक में डालकर भटौलीकला रोड पर नाली के पास फेंक दिया और सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों विनोद कुमार और बहादुर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच जारी है।







