सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विकास कार्यों को नई दिशा देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सड़कों का मजबूत नेटवर्क ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए प्रदेश सरकार लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
कुठाड़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में इंडोर स्टेडियम की आधारशिला रखते हुए मंत्री ने बताया कि इसके निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 69 लाख रुपए जारी किए गए हैं और शेष राशि भी शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चौथे चरण के पहले फेज में 2300 करोड़ रुपए की लागत से 1500 किलोमीटर सड़कें स्वीकृत की गई हैं, जबकि दूसरे फेज में 1100 किलोमीटर सड़कों का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि दून विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों के लिए लोक निर्माण विभाग का एक अलग उपमंडल बनाया जाएगा, जिससे विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। इसके अलावा कुठाड़ बाज़ार के उन्नयन के लिए भी आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ‘इन्वेस्टीचर सेरेमनी 2026-27’ में भाग लेते हुए छात्रों को सम्मानित किया और कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीमवर्क जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।








