दून के विधायक रामकुमार चौधरी ने ग्राम पंचायत चंडी में लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकासात्मक कार्यों का लोकार्पण किया।उन्होंने ग्राम पंचायत चंडी में 25 लाख रुपये की लागत से टाइल वर्क, गांव हरथ (सांवली) में 20.50 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं पुल निर्माण कार्य, गांव बांवटड़ा में 5 लाख रुपये की लागत से टाइल वर्क, गांव धार ग्वाग में 10 लाख रुपये की लागत से सड़क एवं गलियों में टाइल वर्क गांव सरायला में 5 लाख रुपये की लागत से रास्तों के टाइल वर्क व अन्य विकासात्मक कार्यों तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंडी के लिए 35 लाख रुपए की लागत से निर्मित परीक्षा हॉल का लोकार्पण किया।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि दून विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्रारंभ की गई है, जिससे विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास एवं आत्मविश्वास बढ़ रहा है। इसके साथ ही दून विधानसभा क्षेत्र के तीन विद्यालयों में सीबीएसई पैटर्न लागू किया गया है, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंडी भी शामिल है। जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि सड़क सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के तहत नई सड़कों का निर्माण, पुरानी सड़कों का उन्नयन तथा गांव-गांव को बेहतर संपर्क मार्गों से जोड़ने का कार्य निरंतर जारी है, जिससे लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल रही है और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, तथा चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों को अपने नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर रामकुमार चौधरी ने गांव धार ग्वार से श्मशान घाट तक रास्ते के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये, गांव सांवली के लिए लिंक रोड के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा चंडी मेला ग्राउंड के विकास कार्य के लिए 1 लाख रुपये की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत के पूर्व जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीण जन उपस्थित रहे।








